UP SI Exam: नकल रोकने के लिए कानपुर देहात में बढ़ाई गई निगरानी, होटलों में चेकिंग शुरू
उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कानपुर देहात जिले में 14 और 15 मार्च को यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिले में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में 2312 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने नकल माफियाओं और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। इसके तहत, खुफिया तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास के कस्बों में स्थित होटलों, लॉज और रैन बसेरों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों ने रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर ठहरे लोगों की जांच शुरू कर दी है। होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा न दें और आगंतुकों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया है। एएसपी राजेश पांडेय ने बताया कि नकल माफियाओं पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
