Agra News: आगरा में LPG संकट गहराया, होटलों में रेस्टोरेंट बंद होने की नौबत
आगरा में पर्यटन सीजन के बीच एलपीजी गैस की आपूर्ति में आई बाधा ने होटल उद्योग को संकट में डाल दिया है। कई बड़े होटलों में कमर्शियल गैस का स्टॉक खत्म होने की कगार पर है, जिससे उनके रेस्टोरेंट बंद होने की नौबत आ गई है। होटल प्रबंधन का कहना है कि अगर जल्द ही आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो पर्यटकों को भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो जाएगा।
सिर्फ होटलों ही नहीं, बल्कि आम घरेलू उपभोक्ताओं को भी गैस बुकिंग में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से बुकिंग सर्वर पर अत्यधिक लोड के कारण कई उपभोक्ता रिफिल बुक नहीं कर पा रहे हैं। वितरकों का कहना है कि सामान्य मांग की तुलना में 10 से 20 गुना अधिक लोड आ गया है।
बुकिंग न होने का एक कारण केवाईसी अपडेट न होना भी बताया जा रहा है। कई गैस एजेंसियों द्वारा पहले मैनुअल बुकिंग की जाती थी, लेकिन अब नियमों में सख्ती के बाद यह बंद हो गई है। इसके अलावा, शाहगंज स्थित एक गैस एजेंसी पर बुकिंग को लेकर उपभोक्ताओं ने हंगामा भी किया, जिसके बाद एजेंसी को शटर गिराना पड़ा।
