Hardoi news: CBI ने बैंक रिकवरी एजेंट को 45 हजार की घूस लेते पकड़ा, लोन दिलाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच ने हरदोई जिले में एक बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत लोन स्वीकृत कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में एक रिकवरी एजेंट को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। यह घटना बैंक ऑफ बड़ौदा की कछौना शाखा से जुड़ी है।
यह कार्रवाई सीमा देवी नामक एक महिला की शिकायत पर की गई। सीमा देवी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 5 लाख रुपये के ऋण के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि बैंक शाखा प्रबंधक की ओर से लोन स्वीकृत कराने और खाते से धनराशि निकालने की अनुमति देने के लिए 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। यह रकम रिकवरी एजेंट सुरेश चौधरी के माध्यम से ली जानी थी।
शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने आरोपों की प्रारंभिक जांच की। आरोप सही पाए जाने पर सीबीआई ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को एजेंट को रिश्वत देने के लिए कहा गया। जैसे ही सुरेश चौधरी ने शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये लिए, मौके पर मौजूद सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में बैंक अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सीबीआई यह भी पता लगा रही है कि क्या इस तरह से अन्य लोगों से भी रिश्वत ली गई है। जांच पूरी होने पर आरोपियों की आय से अधिक संपत्ति के पहलू की भी जांच की जाएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
