Kanpur News: चोरी की बढ़ती घटनाओं से परेशान व्यापारियों ने पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
कानपुर के बाजारों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में रोष है। शनिवार को भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्रा के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से मुलाकात की। व्यापारियों ने कमिश्नर को एक ज्ञापन सौंपकर बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि नयागंज बाजार में बीती दो मार्च को व्यापारी सज्जन गुप्ता के यहां चोरों ने 40 लाख रुपये की चोरी की थी। चोरों ने दुकान से 25 लाख रुपये नकद और 15 लाख रुपये कीमत के मंदिर में रखे सोने-चांदी के सामान चुरा लिए थे। इस घटना के बाद नयागंज बाजार, नौबस्ता और ट्रांसपोर्ट नगर में भी कई चोरियां हुई हैं, जिससे व्यापारियों में डर का माहौल है।
व्यापारियों ने कमिश्नर से इन सभी घटनाओं का जल्द खुलासा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि होली के त्योहार के दौरान नयागंज बाजार सहित कई बाजारों की दुकानें 10 मार्च तक बंद रहेंगी। इस दौरान चोरी होने की आशंका है, इसलिए बाजार में पुलिस सुरक्षा बढ़ाई जाए। पुलिस कमिश्नर ने व्यापारियों को जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
