Aligarh news: होली की छुट्टी पर घर आए ट्रक ड्राइवर की सड़क हादसे में मौत
अलीगढ़ में दिल्ली-कानपुर हाईवे पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गभाना थाना क्षेत्र के भुकरावली गांव निवासी विनोद (50) के रूप में हुई है। विनोद एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर थे और होली के त्योहार पर चार दिन की छुट्टी लेकर घर आए थे।
हादसा लोधा क्षेत्र में खेरेश्वर महादेव मंदिर के सामने हुआ। विनोद किसी काम से सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विनोद उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल विनोद को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
