अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच ‘Iran Israel War’ तेज, 100 घंटे में 1000 से ज्यादा मौतें; ईरान ने दी परमाणु हमले की धमकी
अमेरिका और इजराइल के साथ ईरान का संघर्ष छठे दिन भी जारी है। पिछले 100 घंटों में यह संघर्ष और तेज हो गया है, जिसमें 1000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इजराइल और अमेरिका ने मिलकर ईरान के 17 जहाजों को डुबोया है, जिसके जवाब में ईरान ने मिडिल ईस्ट के 9 देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया है। यह संघर्ष अब मध्य पूर्व से बाहर हिंद महासागर तक फैल चुका है।
भारत से लौट रहे ईरानी युद्धपोत पर हमला
संघर्ष के बीच अमेरिका ने भारत से लौट रहे ईरानी युद्धपोत IRIS देना को श्रीलंका के पास डुबो दिया। श्रीलंकाई सरकार के अनुसार, इस हमले में 87 ईरानी नौसैनिक मारे गए हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बताया कि हिंद महासागर में अमेरिकी पनडुब्बी ने टॉरपीडो से हमला कर जहाज को निशाना बनाया। यह युद्धपोत पिछले महीने भारत में आयोजित इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू में हिस्सा लेकर लौट रहा था।
लेबनान के शरणार्थी कैंप पर इजराइली हमला
इजराइल ने लेबनान के त्रिपोली शहर में स्थित फिलिस्तीनी शरणार्थी कैंप पर हमला किया है। यह हमला बेद्दावी रिफ्यूजी कैंप में हुआ, जो उत्तरी लेबनान का सबसे बड़ा फिलिस्तीनी शरणार्थी कैंप है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में हमास के एक अधिकारी के मारे जाने की भी खबर है। लेबनान की राजधानी बेरूत में भी रात भर गोलियों की आवाज सुनाई देती रही, जहां लोग संभावित इजराइली हमलों की चेतावनी देने के लिए हवा में गोलियां चला रहे थे।
ईरान ने दी परमाणु हमले की धमकी
इस बीच ईरान ने इजराइल को कड़ी चेतावनी दी है। एक ईरानी सैन्य अधिकारी ने कहा कि अगर अमेरिका और इजराइल ईरान में सत्ता परिवर्तन की कोशिश करते हैं, तो ईरान इजराइल के डिमोना न्यूक्लियर सेंटर को निशाना बना सकता है। ईरानी न्यूज एजेंसी ISNA के मुताबिक, यह परमाणु केंद्र दक्षिणी इजराइल में स्थित है और ऐसी किसी भी कार्रवाई की स्थिति में इस पर हमला किया जा सकता है।
ईरान में स्कूल पर हमला
संघर्ष के दौरान दक्षिणी ईरान में एक लड़कियों के स्कूल पर हुए हमले को लेकर भी अंतरराष्ट्रीय मीडिया में चर्चा है। ईरान का दावा है कि इस हमले में 168 लोग मारे गए, जिनमें कई बच्चियां शामिल थीं। इजराइल के प्रधानमंत्री के सलाहकार ने हालांकि यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि हो सकता है यह हमला ईरान की ही मिसाइल से हुआ हो, जो रास्ता भटककर स्कूल पर गिर गई।
