श्रावस्ती में भीषण Road Accident, टोचन कर रही कार को डंपर ने मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक घटना गिलौला थाना क्षेत्र के तिलकपुर मोड़ स्थित बंजारनपुरवा के पास शनिवार देर रात हुई, जब एक खराब हुई कार को टोचन किया जा रहा था। इस घटना ने इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
जानकारी के अनुसार, गिलौला कस्बे के निवासी दुर्गा प्रसाद गुप्ता उर्फ रवि (22) अपने दोस्त आशीष (25) के साथ बहराइच से लौट रहे थे। मध्यरात्रि के करीब जब वे बंजारनपुरवा के पास पहुंचे, तो उनकी कार खराब हो गई। रवि ने अपने भाई सुनील (25) को फोन किया, जो अपने दोस्त ओम प्रकाश गुप्ता (28) की कार लेकर मौके पर पहुंचा। उनके साथ आयुष सोनी (18) भी था।
जैसे ही सभी मिलकर खराब कार को टोचन कर रहे थे, तभी बहराइच की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने टोचन की जा रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ओम प्रकाश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्गा प्रसाद, आशीष और आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सुनील बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी गिलौला ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दुर्गा प्रसाद को लखनऊ के ट्रामा सेंटर और आशीष व आयुष को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। युवक की मौत से परिवार में मातम पसर गया है।
