महाशिवरात्रि की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे DM, दिए सख्त निर्देश (Kanpur news)
कानपुर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर प्रशासन, जूना अखाड़ा गुरुमूर्ति एवं मंदिर कोठारी महंत महाकाल गिरि महाराज के साथ तैयारियों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि पर्व से पहले पूरी तैयारी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम को मंदिर परिसर व आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने तथा सफाई कर्मियों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग कतारें, मजबूत बैरिकेडिंग और प्रमुख स्थलों पर दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने को कहा गया।
प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त अस्थायी लाइटिंग की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान रातभर आवागमन रहेगा, इसलिए अंधेरा या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, अस्थायी शौचालय, भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी विभागों के समन्वय से एक कंट्रोल रूम स्थापित करने पर भी चर्चा की गई।
