कानपुर देहात में बड़ा हादसा, डीसीएम से टकराया ऑटो, दो छात्राओं की मौत (Kanpur Dehat news)
कानपुर देहात में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गजनेर रोड पर कौसम मोड़ के पास एक ऑटो-रिक्शा और डीसीएम ट्रक की टक्कर में दो छात्राओं की मौत हो गई। ये छात्राएं जीआईसी रनियां की थीं और इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा देने के लिए बीएमएस इंटर कॉलेज कठेठी जा रही थीं। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और छात्रों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रों को लेकर जा रहा ऑटो-रिक्शा गजनेर रोड पर कौसम गांव के पास पहुंचा। आगे चल रहे डीसीएम ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार छात्रा ऋतु (17) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल खुशी (16) को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हादसे में दो अन्य छात्र-छात्राएं (दीक्षा और अभय) और ऑटो चालक मनोज भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत डीसीएम चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और डीसीएम चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
