कानपुर देहात: तिलक समारोह से लौट रहे शख्स को कार ने रौंदा, परिवार में मातम
कानपुर देहात में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के तिवारीपुरवा के पास औरैया-कानपुर हाईवे पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय सुम्मी पाल के रूप में हुई है, जो वंशनपुरवा गांव में रहते थे।
सुम्मी पाल मूल रूप से टीकमगढ़, मध्य प्रदेश के रहने वाले थे, लेकिन पिछले 20 सालों से अपने ससुराल वंशनपुरवा में रह रहे थे। शुक्रवार को उनके दूसरे बेटे कमलेश का तिलक समारोह तिवारीपुरवा के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया था। तिलक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सुम्मी पाल हाईवे के दूसरी ओर स्थित एक अन्य गेस्ट हाउस में शादी समारोह में व्यवहार देने गए थे।
वहां से लौटते समय रात करीब 10 बजे सिकंदरा से अकबरपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुम्मी पाल उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
परिजनों और रिश्तेदारों ने आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज अकबरपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया गया है कि तिलक समारोह की खुशियां इस हादसे के बाद मातम में बदल गईं। मृतक के पुत्रों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
