IIM Lucknow news: आईआईएम लखनऊ में मैनफेस्ट वर्चस्व 2026 का आगाज, डॉ. राजेश्वर सिंह ने साझा किए नेतृत्व के अनुभव
आईआईएम लखनऊ में प्रतिष्ठित मैनफेस्ट वर्चस्व 2026 उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। तीन दिवसीय इस आयोजन के पहले दिन छात्रों ने गीत, संगीत, नृत्य और स्ट्रीट प्ले के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्सव का मुख्य आकर्षण ‘लीडर्स एक्सप्रेस’ सत्र रहा, जिसमें इंडसइंड बैंक के चेयरमैन सुनील मेहता और विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं के साथ संवाद किया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने आईआईएम लखनऊ की वैश्विक पहचान और अकादमिक उत्कृष्टता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल डिग्रियां नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन और नेतृत्व के मूल्यों का विकास करता है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए इंजीनियरिंग से पुलिस सेवा, प्रवर्तन निदेशालय और फिर सार्वजनिक जीवन तक की अपनी यात्रा का उल्लेख किया।
डॉ. सिंह ने बताया कि जीवन तयशुदा योजनाओं पर नहीं चलता, बल्कि अनुकूलन क्षमता, ईमानदारी और निरंतर सीखने को महत्व देता है। उन्होंने कॉर्पोरेट नेतृत्व और सार्वजनिक नेतृत्व की तुलना करते हुए राजनीति को प्रबंधन का सबसे चुनौतीपूर्ण रूप बताया। उन्होंने कहा कि एक विधायक को दूरदर्शी नेतृत्व, योजनाओं का क्रियान्वयन, संकट प्रबंधन, हितधारक संवाद और जन-शिकायत निवारण जैसी अनेक भूमिकाएं एक साथ निभानी पड़ती हैं। उन्होंने जन-शिकायत निवारण पर जोर देते हुए कहा कि सार्वजनिक नेतृत्व का आधार जमीनी जुड़ाव है।
‘लीडर्स एक्सप्रेस’ सत्र में सत्यार्थी मूवमेंट की सीईओ अस्मिता सत्यार्थी और रोस्टरी कॉफी हाउस के संस्थापक निशांत फाउण्डर निशांत कुमार सिन्हा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दिन ढलने के साथ ही शाम को टेक्नो-सूफी नाइट का आयोजन हुआ। ‘बिस्मिल की महफिल’ शीर्षक से हुई सूफी नाइट में टेक्नो बीट्स के साथ सूफी गीतों ने प्रबंधन छात्रों में ऊर्जा भर दी। इसके अलावा, फ्रीस्टाइल सोलो डांस, क्लासिकल डांस, हल्ला बोल (स्ट्रीट प्ले) और सुर (सोलो सिंगिंग) जैसे इवेंट्स में देशभर के टैलेंट ने कमाल दिखाया। स्पोर्ट्स इवेंट्स में आईआईएम लखनऊ, आईआईएम इंदौर, एक्सएलआरआई और एफएमएस की टीमें बैडमिंटन, बास्केटबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट में आमने-सामने आईं।
