Kanpur News: छात्र को बेरहमी से पीटने और फायरिंग मामले में सात आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
कानपुर के काकादेव क्षेत्र में एक छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया था। वायरल वीडियो में आरोपियों ने छात्र को 22 थप्पड़ और घूंसे मारे थे, जबकि दूसरे वीडियो में एक आरोपी फायरिंग करते हुए दिखाई दिया था।
यह घटना पांडु नगर स्थित मानस मंच पार्क के पास हुई। बीकॉम छात्र अमन सोनकर अपने दोस्तों के साथ चाय पीने गया था। बताया जा रहा है कि नशेबाजी के विरोध में आरोपियों ने छात्र को बेरहमी से पीटा था। घटना के बाद पुलिस ने वायरल फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
काकादेव थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नजमी आलम, हर्षित तिवारी, विशाल यादव, कृष्णा पांडेय, डेवड सिंह उर्फ लकी, दीपक सिंह और आरूष शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
