अखिलेश यादव ने India-US trade deal पर साधा निशाना, बोले- यह डील नहीं, ढील है
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारत और अमेरिका के बीच हुए व्यापारिक समझौते पर केंद्र सरकार की आलोचना की है। उन्होंने इस समझौते को ‘डील’ के बजाय ‘ढील’ बताया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की उल्टी गणित से जनता पूछ रही है कि जीरो बड़ा है या 18 फीसदी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समझौता देश की 70 फीसदी कृषि आधारित जनता के लिए हानिकारक है और कभी लाभकारी साबित नहीं हो सकता।
अखिलेश यादव ने कृषि और डेयरी क्षेत्र को बचाने के सरकारी दावों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि संसद में जो झूठ बोला जा रहा है, उसका संज्ञान लिया जाएगा और भविष्य में झूठा साबित होने पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब डील की शर्तें निर्धारित और हस्ताक्षरित ही नहीं हुई हैं, तो सरकार पहले से ही इसके फायदे के दावे कैसे कर सकती है।
सपा अध्यक्ष ने इस समझौते को ‘समर्पण’ करार दिया और कहा कि यह आपदा है, जिसमें भाजपाई कमीशनखोरी के अवसर न तलाशें। उन्होंने कहा कि यह ऐसा लग रहा है जैसे भारत से 500 अरब डॉलर की रंगदारी वसूली जा रही है। अखिलेश यादव ने उन लोगों की आलोचना की जो इसे कूटनीति की जीत बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपनी कूटनीति को अपने मुनाफे के हिसाब से ढाल रहा है।
