कानपुर में गुरु हरि राय साहब का प्रकाश पर्व, शबद-कीर्तन से संगत निहाल (Kanpur news)
कानपुर के लाजपत नगर स्थित रामलीला ग्राउंड में शनिवार को सिख गुरु श्री गुरु हरि राय साहब जी का पावन प्रकाश पर्व श्रद्धाभाव से मनाया गया। इस अवसर पर विशेष गुरुमत समागम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर भर से बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया।
समागम में श्री दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई जसकरन सिंह पटियाला वाले ने ‘मेरा मात पिता हर राया’ शबद कीर्तन प्रस्तुत किया। उनके साथ रागी भाई सिमरप्रीत सिंह ने भी शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। इस दौरान स्त्री सत्संग जत्थों ने जपजी साहिब जी के पाठ और नाम का सिमरन किया।
कार्यक्रम का संचालन खालसा दल के प्रधान मोहन जीत सिंह गंभीर ने किया। इस आयोजन में बाबा नामदेव समिति, सिख समाज कानपुर, दशहरा कमेटी लाजपत नगर, सिख पंजाबी वेलफेयर सोसाइटी, नानक वेलफेयर सोसाइटी और यंगमैन सिख एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से सहयोग किया। अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर छका गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
