मानसिक तनाव से जूझ रही महिला को पुलिस ने बचाया, इंदिरा नगर नहर में कूदने से रोकी
बीबीडी थाना क्षेत्र की पुलिस और पुलिस रिस्पॉन्स टीम ने गुरुवार को एक 40 वर्षीय महिला को आत्महत्या करने से बचाया। महिला मानसिक तनाव के चलते इंदिरा नगर नहर में कूदने जा रही थी, तभी वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीआरवी 7102 के कांस्टेबल अजय कुमार पाल और होमगार्ड उमेश चंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर महिला को समझाया और सुरक्षित नीचे उतारा।
पुलिस जांच में पता चला कि महिला के पति का निधन हो चुका है और उसकी कोई संतान नहीं है। वह बाराबंकी से लखनऊ किसी परिचित से मिलने आई थी और इसी दौरान वह अत्यधिक तनाव में आ गई थी। पुलिस ने महिला को थाने लाकर काउंसलर से काउंसलिंग करवाई और जीवन का महत्व समझाया। इसके बाद उसे सुरक्षित उसके गृह जनपद बाराबंकी भेज दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया को उजागर किया है, जिससे एक अनमोल जान बचाई जा सकी।
