गणतंत्र दिवस पर लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ATS तैनात; ट्रैफिक डायवर्जन की पूरी जानकारी
गणतंत्र दिवस के मौके पर राजधानी लखनऊ में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह से किलेबंद कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा और एटीएस के दस्ते भी मोर्चा संभालेंगे। सुरक्षा को लेकर 1343 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें तीन कंपनी पीएसी और एटीएस की दो टीमें शामिल हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को तीन जोन और नौ सेक्टर में बांटा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत बहुमंजिला इमारतों और संवेदनशील स्थानों पर रूफ-टाप ड्यूटी लगाई गई है। पूरे आयोजन क्षेत्र की 24 घंटे ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा बम निरोधक दस्ते, एंटी माइन टीम, डीएफएमडी, एएस चेक टीम, फायर सर्विस और एलआईयू भी मुस्तैद रहेगी।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहर तिरंगी रोशनी में नहा उठा। विधान भवन से लेकर शहर के बाहरी हिस्सों तक बड़ी इमारतों और मॉल पर झालरें जगमगा रही थीं। सुबह 10 बजे विधान भवन के समक्ष राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ थीम पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में असम, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार सहित अन्य राज्यों से आए 200 से अधिक कलाकार भाग लेंगे। विभिन्न विभागों की झांकियों के माध्यम से प्रदेश की विकास गाथा को प्रदर्शित किया जाएगा।
दिन ढलने के बाद विधान भवन पर विशेष लाइट एंड साउंड शो आकर्षण का केंद्र होगा। विधान भवन का गुम्बद किसी सिनेमा के परदे में बदल जाएगा। इस पर लेजर लाइटों से दृश्य और वीडियो दिखेंगे और पृष्ठभूमि पर यूपी के इतिहास और विशेषताओं के बारे में बताया जाएगा। यह आयोजन पहली बार हो रहा है।
गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। सुबह छह बजे से चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने (बालविद्या मंदिर) के आस-पास ट्रैफिक संचालन प्रतिबंधित रहेगा। आलमबाग, मवैय्या की ओर से चारबाग जाने वाले वाहन लाटूश रोड, गुप्ता तिराहा, बांसमंडी चौराहा, कैसरबाग या रविन्द्रालय से दाहिने यू-टर्न कर मवैय्या, आलमबाग होकर जाएंगे।
हजरतगंज चौराहा से रॉयल होटल (बापू भवन) चौराहा, विधानसभा मार्ग तक और नावेल्टी (लालबाग) चौराहा से कैपिटल तिराहा के बीच ट्रैफिक संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हजरतगंज चौराहा से वाहन मेफेयर, सुभाष, परिवर्तन चौक चौराहे के बजाए हजरतगंज चौराहा से अशोक मार्ग होते हुये मीराबाई मार्ग, सप्रू मार्ग तिराहा, सिकंदरबाग चौराहा से संकल्प वाटिका तिराहा, सुशीला स्मृतिका, हनुमान सेतु, सुभाष चौराहा होकर गुजर सकेंगे।
