अलीगढ़ में स्पा सेंटर की आड़ में Sex Racket का भंडाफोड़, 14 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ शहर में पुलिस ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। शहर के समद रोड स्थित मंगलम कॉम्पलेक्स में पुलिस ने दो अलग-अलग स्पा सेंटरों पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने मौके से सात युवतियों और सात ग्राहकों व स्टाफ समेत कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को लंबे समय से इन स्पा सेंटरों में देह व्यापार की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। योजना के तहत पुलिस ने पहले एक सिपाही को ग्राहक बनाकर सेंटरों पर भेजा। जब अवैध गतिविधियों की पुष्टि हो गई, तब सीओ तृतीय सर्वम सिंह और एसीएम दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने क्लासिक और क्लाउड-7 नामक दो स्पा सेंटरों से सात युवतियों को हिरासत में लिया। इसके अलावा, क्लाउड-7 के संचालक पार्टनर संजय, रिसेप्शनिस्ट और पांच ग्राहकों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई युवतियां दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल और नेपाल की रहने वाली हैं।
पुलिस ने बताया कि इन सेंटरों में मसाज के लिए निर्धारित टेबलों की जगह छोटे कमरे बने हुए थे, जिनमें बेड पड़े थे। मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि युवतियों को प्रतिमाह वेतन पर दिल्ली से बुलाया जाता था। ग्राहकों से एंट्री फीस के बाद सुविधा के लिए अलग से शुल्क लिया जाता था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
