पति-पत्नी विवाद के बाद महिला का अधजला शव बरामद, Bagaha crime news
पश्चिम चंपारण जिले के सेमरा थाना क्षेत्र के बजाड़ा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद 30 वर्षीय महिला अर्चना देवी का अधजला शव गांव के सरेह से बरामद हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ लोग चोरी-छिपे शव को जला रहे हैं।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मृतका के परिजन घर छोड़कर फरार हो गए, जिससे घटना पर संदेह और गहरा गया है। पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ और थानाध्यक्ष ने घटनास्थल का जायजा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह मान रही है कि पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद महिला की हत्या की गई है।
मृतका की पहचान बजाड़ा गांव निवासी चंद्रशेखर यादव की पत्नी अर्चना देवी के रूप में हुई है। अर्चना के दो बेटियां और एक बेटा है। उसकी शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार परिजनों की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना से इलाके में भय का माहौल है और लोग इस जघन्य अपराध के पीछे की सच्चाई जानने को उत्सुक हैं।
