केजीएमयू गेट पर सपेरों का प्रदर्शन, संविदा भर्तियों में बाहरी लोगों को मौका देने का आरोप | KGMU protest
लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के गेट नंबर-02 पर अखिल भारतीय सपेरा महासभा ने पारंपरिक बीन बजाकर प्रदर्शन किया। महासभा के अध्यक्ष श्रीपतनाथ सपेरा ने केजीएमयू प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समूह ‘घ’ की संविदा भर्तियों में बड़े पैमाने पर बाहरी लोगों, जिनमें बांग्लादेशी और रोहिंग्या भी शामिल हैं, को नियुक्त किया जा रहा है।
सपेरा समाज के नेताओं का कहना है कि यह स्थानीय दलित समाज के साथ घोर अन्याय है। पीढ़ियों से लखनऊ में रह रहे सपेरा समाज के युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और भीख मांगने को मजबूर हैं, जबकि बाहरी लोगों को रोजगार दिया जा रहा है। यह स्थिति उत्तर प्रदेश सरकार के सामाजिक विकास के दावों के विपरीत है।
प्रदर्शनकारियों ने केजीएमयू प्रशासन से समूह ‘घ’ की सभी संविदा भर्तियों की निष्पक्ष जांच कराने और स्थानीय योग्य युवाओं, विशेषकर सपेरा समाज के लोगों को प्राथमिकता देने की मांग की। महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। केजीएमयू प्रशासन की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
