UP crime news: मुजफ्फरनगर में खेत से मिला नर कंकाल, प्रेम प्रसंग में हत्या का आरोप, तीन भाइयों पर FIR
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां नगवा गांव के एक खेत में मानव कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। लापता युवक के भाई ने कंकाल के पास मिले कपड़ों से पहचान कर इसे अपने भाई सचिन का बताया है। इस मामले में प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगवा गांव निवासी 22 वर्षीय सचिन पिछले एक महीने से लापता था। परिजनों ने 15 दिन पहले उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सचिन के भाई विपिन ने पुलिस को बताया कि सचिन के संबंध उसकी पत्नी के एक रिश्तेदार की लड़की से थे। लड़की के भाई गौरव, विराज और देव इस रिश्ते का विरोध करते थे। विपिन का आरोप है कि तीनों भाइयों ने मिलकर सचिन की हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर ग्रामीणों ने खेत में कंकाल देखा। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर सुभाष अत्री पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कंकाल को परीक्षण के लिए भेज दिया है। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि विपिन ने कपड़ों के आधार पर कंकाल की कंकाल की पहचान की है, लेकिन इसकी पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम के बाद डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। पुलिस ने विपिन की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
