Kanpur News: तलाक के बाद पूर्व पति ने सोशल मीडिया पर डाले अश्लील वीडियो, मांगी 10 लाख की रंगदारी
कानपुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तलाकशुदा महिला के पूर्व पति ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर उसे और उसके परिवार को ब्लैकमेल करने की कोशिश की। पीड़िता के पिता ने इस संबंध में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, चार साल पहले उनकी बेटी का विवाह सिविल लाइंस निवासी एक युवक से हुआ था, लेकिन शादी के एक साल बाद ही दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद महिला ने दूसरी शादी कर ली।
आरोप है कि महिला का पूर्व पति सोशल मीडिया पर उसके और उसके परिवार के खिलाफ अश्लील टिप्पणियां और वीडियो पोस्ट कर रहा है। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपित ने ब्लैकमेल करते हुए 10 लाख रुपये की मांग की। इस घटना से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। साइबर थाना प्रभारी सतीश यादव ने बताया कि पीड़ित पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
