कानपुर में टप्पेबाजी: बाइक सवारों ने महिला को झांसे में लेकर लूटे जेवर, FIR दर्ज
कानपुर के नर्वल थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो टप्पेबाजों ने बाजार से लौट रहीं महिला और उनकी भतीजी को झांसे में लेकर जेवरों की टप्पेबाजी कर दी। घटना के बाद पीड़िता के पति ने नर्वल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पाली भोगीपुर निवासी गया प्रसाद ने बताया कि उनकी पत्नी दया और साले की बेटी प्रांजलि बीते शनिवार को पाली बाजार में खरीदारी करने गई थीं। दोपहर में लौटते समय बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोका। आरोपियों ने महिला को झांसा दिया कि उनके परिवार में कोई समस्या है और वे उसका समाधान कर सकते हैं। महिला और उनकी भतीजी आरोपियों के झांसे में आ गईं।
आरोपियों ने दया और प्रांजलि से चांदी की चेन, मंगलसूत्र, बाले, पायल, सोने की कील और कान टॉप्स उतरवाकर एक कपड़े में बांध दिए। इसके बाद उन्होंने दोनों को आंख बंद करके नामजप करने और थोड़ी दूर जाने को कहा। जैसे ही दोनों महिलाएं आगे बढ़ीं, आरोपी मौका पाकर जेवरों की पोटली लेकर फरार हो गए। थोड़ी दूर जाने के बाद जब महिलाओं ने मुड़कर देखा तो आरोपी और जेवरों की पोटली दोनों गायब थे।
थाना प्रभारी अखिलेश कुमार पाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
