कानपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का जायजा, निरीक्षण में BLO गायब मिलने पर DM ने दिए कार्रवाई के निर्देश | Kanpur news
कानपुर में विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी गरिमा स्वरूप और डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कई बूथों का औचक निरीक्षण किया। उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कैंट, महाराजपुर, आर्यनगर और सीसामऊ विधानसभा क्षेत्रों के बूथों का जायजा लिया और मतदाताओं से फॉर्म की उपलब्धता तथा बीएलओ ऐप के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, फोटो सही अपलोड करने और त्रुटि रहित प्रविष्टियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कल्याणपुर विधानसभा के वीएसएसडी कॉलेज, जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर और सीएसए विश्वविद्यालय परिसर के बूथों का निरीक्षण किया। जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर स्थित एक बूथ पर बीएलओ उपासना सिंह गैरहाजिर मिलीं। इस पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित बीएलओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस बीच, जिले के 51 परीक्षा केंद्रों में सहायक भर्ती परीक्षा भी चल रही थी। इन केंद्रों में बूथ भी बनाए गए थे और बीएलओ को सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक उपस्थित रहना था। लेकिन दोपहर 3 बजे परीक्षा शुरू होने के बाद पुलिस ने बूथों से बीएलओ को हटा दिया। पुलिस ने आला अफसरों से बात करने के बावजूद बीएलओ को जाने को कहा। इसके चलते क्राइस्ट चर्च इंटर कॉलेज और एसएन सेन डिग्री कॉलेज समेत कई स्थानों पर बीएलओ समय से पहले ही चले गए, जिससे पुनरीक्षण कार्य प्रभावित हुआ।
