कानपुर news: शेयर मार्केट में 14 लाख गंवाने के बाद युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- ‘पिता से कैसे नजर मिलाऊंगा’
कानपुर में शेयर बाजार में 14 लाख रुपये गंवाने के बाद एक स्क्रैप कारोबारी ने आत्महत्या कर ली। कारोबारी ने यह कदम अपने दोस्त के घर पर उठाया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि वह अपने पिता से नजर नहीं मिला पाएगा।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय संजय कुमार त्रिपाठी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बांदा के रहने वाले थे और पिछले दो साल से किदवई नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। संजय स्क्रैप का कारोबार करते थे। उनके छोटे भाई राहुल ने बताया कि संजय शेयर मार्केट में निवेश करते थे। कुछ समय पहले उनके पिता ने गांव में जमीन बेची थी। जमीन बेचने से मिले 14 लाख रुपये पिता और बेटे के संयुक्त खाते में थे। संजय ने पिता की जानकारी के बिना यह पूरी रकम शेयर मार्केट में लगा दी और गंवा दी। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में थे।
शुक्रवार को संजय पनकी यार्ड में रहने वाले अपने दोस्त धर्मेंद्र से मिलने गए थे। दोस्त के साथ खाना खाने के बाद वह वहीं सो गए। जब दोस्त ड्यूटी पर चला गया, तो संजय ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ड्यूटी से लौटने पर दोस्त ने संजय का शव फंदे से लटका देखा। उसने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में संजय ने लिखा है, ‘मुझे शहर में मकान दिलवाने के लिए पिता ने गांव में खेत बेच दिया। मगर मैंने जमीन खरीदने के बजाय रकम शेयर मार्केट में गंवा दी। अगर पिता जी मुझसे रकम के बारे में पूछेंगे तो मैं उन्हें क्या जवाब दूंगा। अब मैं उनसे कैसे नजर मिलाऊंगा। इसलिए मैं यह कदम उठा रहा हूं। इसका मैं स्वयं जिम्मेदार हूं। मेरे परिवार व अन्य किसी की इसमें कोई जिम्मेदारी नहीं है। मेरे परिवार के किसी भी सदस्य को परेशान नहीं किया जाए।’ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
