कानपुर में भीषण Road Accident: स्कूल से लौट रहे छात्र को DCM ने रौंदा, मौके पर मौत
कानपुर के बिठूर इलाके में मंधना-टिकरा मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में कक्षा तीन के छात्र की मौत हो गई। स्कूल से साइकिल पर घर लौट रहे 9 वर्षीय नमन अवस्थी को एक तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक ने टक्कर मार दी। नमन मकसूदाबाद के वेलफेयर स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था और शनिवार शाम करीब चार बजे वह नौरंगाबाद गांव के पास से गुजर रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नमन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर भाग निकला। खेत में काम कर रहे किसानों ने डीसीएम को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। जैसे ही नमन की मां विभा को घटना की जानकारी मिली, वह घटनास्थल पर पहुंची और बेटे का शव देखकर चीख पड़ीं और बेहोश हो गईं।
सूचना पर बिठूर इंस्पेक्टर प्रेम नारायण विश्वकर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने बताया कि डीसीएम की पहचान के लिए टिकरा मोड़ पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। गाड़ी का नंबर मिलते ही चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
