कानपुर में ऑटो में व्यापारी की जेब कटी, 50 हजार चोरी; इलाज के लिए लाए थे पैसे
शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी मूंगफली व्यापारी बालक राम अपने बेटों के इलाज के लिए कानपुर आए थे। उनके दो बेटे राजेश और आयुष सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिनका इलाज कल्याणपुर के एक नर्सिंग होम में चल रहा है। बेटों के इलाज के लिए बालक राम फर्रुखाबाद से 50 हजार रुपये लेकर ट्रेन से कानपुर पहुंचे। ट्रेन मंधना में रुकी, जहां वे उतर गए।
स्टेशन से मंधना चौराहे पर आकर उन्होंने कल्याणपुर जाने के लिए एक ऑटो लिया। ऑटो में पहले से ही एक युवक बैठा था। नारामऊ के पास ऑटो धीमा हुआ, तभी वह युवक उतर गया और पास खड़ी बाइक पर बैठकर भाग निकला। इसके बाद व्यापारी को पता चला कि उनकी जेब कट चुकी है और 50 हजार रुपये गायब हैं।
व्यापारी ने तुरंत ऑटो चालक के साथ मंधना पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में स्टेशन से व्यापारी के पीछे आ रहा युवक ऑटो में बैठते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।
