Kanpur Dehat news: रसूलाबाद में डीसीएम ने बाइक सवार को कुचला, श्रमिक की मौत से परिवार में मातम
कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद कस्बे में शनिवार को बेला-कानपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार डीसीएम ट्रक ने बाइक सवार श्रमिक को टक्कर मार दी। इस हादसे में श्रमिक आदित्य राजपूत (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश कर रही है।
मृतक आदित्य राजपूत मित्रसेनपुर गांव के उसरी मजरा का निवासी था। वह राजमिस्त्री के साथ ईंट गारा देने का काम करता था। दो दिन पहले वह अपनी चचेरी बहन पिंकी के यहां औरैया गया था। शनिवार को वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। रसूलाबाद कस्बे में दोपहर के समय डीसीएम ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल आदित्य को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रसूलाबाद इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह ने बताया कि डीसीएम को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आदित्य की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसकी पत्नी सुमन बदहवास हो गई, जबकि इकलौते बेटे की मौत से मां राम सिया बेहाल हैं। मृतक के चार पुत्रों दीपक, आयुष, निर्मल और निखिल का रो-रोकर बुरा हाल है।
