लखनऊ के Hyatt Hotel में Bajaj Finance मैनेजर की मौत, कमरे में मिले बेसुध
लखनऊ के गोमती नगर स्थित हयात रीजेंसी होटल में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मुंबई से आए एक कॉर्पोरेट मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय मोहम्मद फहीमुद्दीन के रूप में हुई है, जो बजाज फाइनेंस में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और महाराष्ट्र के ठाणे जिले के निवासी थे। फहीमुद्दीन गुरुवार को लखनऊ पहुंचे थे और उन्हें शुक्रवार सुबह अपनी टीम के साथ एक महत्वपूर्ण बिजनेस मीटिंग में शामिल होना था।
शुक्रवार सुबह जब फहीमुद्दीन निर्धारित समय पर मीटिंग के लिए नहीं पहुंचे, तो उनके सहयोगी सरफराज अली और अन्य सदस्यों ने उन्हें फोन करना शुरू किया। कई बार कॉल करने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो टीम के सदस्य चिंतित होकर सीधे होटल पहुंचे। उन्होंने रिसेप्शन पर सूचना दी कि मैनेजर फोन नहीं उठा रहे हैं और उनका कमरा अंदर से बंद है। होटल स्टाफ ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मास्टर-की से कमरा खोला, जहां फहीमुद्दीन बेड पर बेसुध पड़े थे।
होटल प्रबंधन ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया और उन्हें लोहिया अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विभूति खंड पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की सघन जांच की। एसीपी विभूति खंड विनय द्विवेदी ने बताया कि कमरे से शराब की बोतल और सिगरेट के कई पैकेट बरामद हुए हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में अत्यधिक स्मोकिंग और अल्कोहल के सेवन के कारण हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को मुंबई में सूचना दे दी है। फहीमुद्दीन की पत्नी लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी भी कराई जा सकती है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और फहीमुद्दीन के कॉल रिकॉर्ड्स की भी जांच कर रही है ताकि मौत से पहले की कड़ियों को जोड़ा जा सके।
