लखनऊ: बैंक मित्र का 50 लाख का फ्रॉड, फर्जी एफडी से ठगे 20 ग्राहक, Bank of Baroda शाखा पर हंगामा
राजधानी लखनऊ में बैंक ऑफ बड़ौदा की एक शाखा में तैनात बैंक मित्र पर ग्राहकों से करोड़ों की ठगी का गंभीर आरोप लगा है। मोहान रोड स्थित शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय परिसर में बैंक मित्र शिवा राव पर आरोप है कि उसने करीब 20 ग्राहकों को कंप्यूटर से तैयार की गई फर्जी एफडी और पासबुक थमाकर 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है। यह मामला तब सामने आया जब एक किसान अपनी चार साल पुरानी एफडी तुड़वाने बैंक पहुंचा।
सरोसा भरोसा निवासी किसान लवकुश पाल ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में बैंक मित्र शिवा राव से मिलकर पांच-पांच लाख की दो एफडी और 2.40 लाख रुपये की एक अन्य एफडी कराई थी। बहन की शादी के लिए पैसे निकालने पहुंचे तो बैंक अधिकारियों ने एफडी को फर्जी बता दिया। इस खुलासे के बाद लवकुश ने अपने परिचित और अन्य ग्राहकों को बुलाया, जिन्होंने अपने दस्तावेज दिखाए तो पता चला कि वे भी ठगी का शिकार हुए हैं।
इस धोखाधड़ी के सामने आने के बाद बैंक शाखा पर ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया और बैंक शाखा प्रबंधक हिमांशु कुकरेती से बातचीत की। इसके बाद पुलिस आरोपी बैंक मित्र शिवा राव और पीड़ित ग्राहकों को पारा थाने ले गई। थाने में भी ग्राहकों ने अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। पुलिस का दावा है कि आरोपी बैंक मित्र ने ग्राहकों को भुगतान करने का वादा किया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना से बैंक ग्राहकों में भारी रोष है और वे अपने पैसे की वापसी की मांग कर रहे हैं।
