कार वॉशिंग सेंटरों पर नगर निगम का एक्शन, ₹20,000 का जुर्माना, city cleanliness drive
सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता भंग करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। साईं की तकिया से प्रतापपुरा के बीच चलाए गए विशेष अभियान के दौरान फुटपाथ और सड़क पर वाहनों की धुलाई कर गंदगी फैलाने वाले कार वॉशिंग सेंटरों पर नगर निगम का डंडा चला।
गजेंद्र कार धुलाई सेंटर और मुरारी लाल के कार धुलाई सेंटर द्वारा सड़क और फुटपाथ पर वाहनों की धुलाई कर गंदगी फैलाने तथा नालियों में गंदा पानी छोड़ने पर बीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। भविष्य में इस तरह की गतिविधियां न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई। इस कार्रवाई से शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जिससे आम नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा।
इसी अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास बेचने पर भी कार्रवाई की गई। साईं की तकिया क्षेत्र में विपिन यादव नामक दुकानदार द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास की बिक्री करते पाए जाने और चाय विक्रेता योगेश द्वारा प्लास्टिक गिलासों में चाय पिलाने पर नगर निगम की टीम ने पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया। प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने की चेतावनी दी गई।
