लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के स्थापना दिवस पर डीजीपी ने परोसी पूड़ी, सीपी ने बांटी सब्जी
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने अपना छठवां स्थापना दिवस रविवार को एक विशेष कार्यक्रम के साथ मनाया। इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मातहतों को भोजन परोसकर एक मिसाल पेश की। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्णा ने जहां पूड़ी परोसने की जिम्मेदारी संभाली, वहीं पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने सब्जी बांटकर सभी का दिल जीत लिया।
इस आयोजन में पुलिस महानिदेशक, उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड एसबी शिरडकर ने पानी और डीके ठाकुर (डीजी एसएसएफ/नागरिक सुरक्षा) ने मिठाई वितरित की। यह कार्यक्रम पुलिस कमिश्नरेट की व्यवस्था लागू होने के बाद से अब तक किए गए कार्यों के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
स्थापना दिवस के अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्णा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 150 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने 13 जनवरी 2020 को लागू हुई कमिश्नरेट व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इसके बाद से लखनऊ पुलिस ने साइबर अपराध को प्राथमिकता दी है। साइबर ठगी में धन की त्वरित रोकथाम और आईटी एक्ट से संबंधित विवेचनाओं के लिए उप निरीक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। मिशन शक्ति केन्द्रों और पिंक बूथों पर तैनात पुलिसकर्मी महिला सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने बताया कि पिछले छह वर्षों में पुलिस कमिश्नरेट ने अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, वीवीआईपी सुरक्षा, जनसंपर्क और पुलिस कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इन प्रयासों से आम जनता को सुरक्षा और सुविधा का अनुभव हुआ है।
