इटावा जंक्शन पर नॉनस्टॉप ट्रेनों के गुजरने का भी होगा एनाउंसमेंट, यात्रियों की सुरक्षा पर फोकस
इटावा जंक्शन और जिले के पांच अन्य स्टेशनों पर अब बिना रुके गुजरने वाली ट्रेनों की भी घोषणा की जाएगी। रेलवे बोर्ड ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी स्टेशनों के लिए यह निर्देश जारी किए हैं।
दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर कानपुर और टूंडला के बीच इटावा जंक्शन एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहाँ से प्रतिदिन 210 ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें से 84 ट्रेनों का ठहराव होता है, जबकि 116 गाड़ियां बिना रुके निकल जाती हैं। अभी तक केवल रुकने वाली ट्रेनों का ही एनाउंसमेंट किया जाता था।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए नई व्यवस्था
रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक यात्री विपणन शिवेन्द्र शुक्ला ने 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार बढ़ने के कारण यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टि से यह निर्णय लिया है। अब छोटे स्टेशनों पर भी, जहाँ से अनेक ट्रेनें बिना रुके गुजरती हैं, यात्रियों को सतर्क करने के लिए पूर्व-रिकॉर्डेड घोषणाएं हिंदी और अंग्रेजी में अनिवार्य होंगी।
किन स्टेशनों पर होगी व्यवस्था
इस नई व्यवस्था के तहत इटावा जंक्शन के साथ-साथ इकदिल, भरथना, सराय भूपत, जसवंतनगर और बलरई स्टेशनों पर भी यह सुविधा शुरू की जाएगी। स्टेशन अधीक्षक पीएम मीणा ने बताया कि प्रयागराज मंडल से मिले निर्देशों के अनुसार, नॉनस्टॉप ट्रेनों के गुजरने से पहले रिकॉर्डेड घोषणाएं कराने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सॉफ्टवेयर मिलते ही इसे पूछताछ केंद्र पर लगे एनाउंसमेंट सिस्टम में लगवाकर शुरू कर दिया जाएगा।
