शहीद नगर में क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत, ‘Accident’ का खतरा टला
शहीद नगर क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी नाले की पुलिया के मैनहोल को नगर निगम ने आखिरकार ठीक करा दिया है। शहीद नगर पुलिस चौकी के पास स्थित इस पुलिया का मैनहोल इतना क्षतिग्रस्त था कि यह न केवल राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन रहा था, बल्कि जलभराव की स्थिति भी पैदा कर रहा था।
विशेष रूप से बारिश के मौसम में या नाले के ओवरफ्लो होने पर यह मैनहोल दिखाई नहीं देता था, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक इसमें गिरकर हादसे का शिकार हो रहे थे। स्थानीय लोगों की शिकायत और सूचना मिलने पर नगर निगम ने तत्काल मौके पर अपनी टीम भेजी और युद्धस्तर पर मरम्मत का कार्य पूरा कराया।
नगर निगम के अधिशासी अभियंता और प्रभारी मुख्य अभियंता निर्माण अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे शहर में जर्जर मेनहोल और पुलियाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। किसी भी स्थान पर खतरे की स्थिति पाए जाने पर उसे तुरंत सुधारा जाएगा। स्थानीय निवासियों ने इस मरम्मत कार्य से बड़ी राहत महसूस की है और भविष्य में होने वाले हादसों की आशंका को कम बताया है।
