यूपी पुलिस के ‘हाफ एनकाउंटर’ के डर से लुटेरा थाने पहुंचा, बोला- अब लंगड़ा मत करना
कानपुर पुलिस के ‘हाफ एनकाउंटर’ के डर से एक लुटेरा अपने परिवार के साथ थाने पहुंच गया। उसने पुलिस से गुहार लगाई कि उसे लंगड़ा न बनाया जाए। आरोपी शयान रजा उर्फ शयान मिर्जा पर महिला सिपाही से लूट का आरोप है।
यह घटना कानपुर शहर में हुई, जहाँ पुलिस की कार्रवाई के डर से आरोपी ने आत्मसमर्पण किया। इस घटना ने पुलिसिंग के तरीकों और अपराधियों के मन में उसके खौफ को फिर से उजागर किया है।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि 28 दिसंबर को महिला थाने में तैनात सिपाही पिंकी पाल नाइट ड्यूटी के बाद अपने घर लौट रही थीं। प्रेम नगर प्राइमरी विद्यालय के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने उनका पर्स लूट लिया था, जिसमें 10 हजार रुपये, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य दस्तावेज थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से कंघी मोहाल निवासी मारूफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पूछताछ में मारूफ ने बताया कि वह अपने साथी शयान रजा के साथ शराब पी रहा था और पैसे खत्म होने पर लूट की योजना बनाई। मारूफ के जेल जाने के बाद शयान शहर छोड़कर फतेहपुर भाग गया था। पुलिस उसकी तलाश में फतेहपुर पहुंची, जिसकी जानकारी होने पर शयान ने ‘हाफ एनकाउंटर’ के डर से परिवार और साथियों के साथ वीडियो बनवाते हुए सीसामऊ थाने में सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई ब्लूटूथ डिवाइस और 770 रुपये नकद बरामद किए हैं। शयान को जेल भेज दिया गया है। वह पहले भी कर्नलगंज थाने से आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शयान न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की फिराक में था, लेकिन पुलिस के फतेहपुर में डेरा डालने की भनक लगने पर वह भाग निकला था। पुलिस ने उसकी कार को पकड़ लिया था, लेकिन वह कार से उतरकर भागने में सफल रहा था।
