Kanpur Dehat में 5 Mission Shakti केंद्रों का उद्घाटन, ADG ने संवेदनशीलता पर दिया जोर
कानपुर देहात में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत पांच नए केंद्रों का उद्घाटन किया गया है। एडीजी आलोक सिंह ने अकबरपुर कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम में इन केंद्रों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महिला अपराधों पर संवेदनशीलता और दक्षता के साथ काम करने के सख्त निर्देश दिए। एडीजी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा स्पष्ट है कि महिला अपराधों पर तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई हो। पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में डीआईजी हरीश चंदर ने महिला कार्मिकों को केवल कार्यालय तक सीमित न रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कार्मिकों को गांवों में जाकर महिलाओं और किशोरियों की समस्याएं सुननी चाहिए। उनका व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि महिलाएं उनसे बात करने में हिचकिचाएं नहीं। डीएम कपिल सिंह ने भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय के साथ काम करने का आश्वासन दिया।
अकबरपुर कोतवाली में आयोजित इस भव्य समारोह में एडीजी ने मिशन शक्ति केंद्र के साथ ही महिलाओं के साथ आने वाले बच्चों के लिए शिशु केंद्र का भी शुभारंभ किया। ये केंद्र अकबरपुर के अलावा भोगनीपुर, सिकंदरा, शिवली और डेरापुर में भी शुरू किए गए हैं। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडे की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में सीडीओ विधान जायसवाल और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
