सरपंच पति को धमकाता पुलिसकर्मी कैमरे में कैद, PM से शिकायत पर बोला ‘जांच हम ही करेंगे’ – MP Police
सतना जिले के कोटर थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी नरेश सिंह बघेल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में बघेल अकौना पंचायत के सरपंच पति अनुराग सिंह को खुलेआम धमकाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कहते सुने जा सकते हैं- “प्रधानमंत्री से भी शिकायत कर लो, जांच तो हम ही करेंगे।”
यह घटना तब सामने आई जब अकौना पंचायत की महिला सरपंच श्रद्धा सिंह ने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद अब उन्हें और उनके परिवार को दबाव में लेकर शिकायत वापस लेने के लिए डराया जा रहा है। महिला सरपंच ने पुलिसकर्मी पर भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला सरपंच श्रद्धा सिंह का कहना है कि नरेश सिंह बघेल ने 25 लोगों को जेल जाने से बचाने का दावा किया था। आरोप है कि दबाव बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा रात के समय उनके घर पर विवेचना के नाम पर दबिश दी जाती है, जिससे एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनके कर्तव्यों का निर्वहन प्रभावित हो रहा है। इस तरह का व्यवहार आम जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाता है और पुलिस की छवि पर भी प्रश्नचिन्ह लगाता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच उप निरीक्षक केदार प्रसाद वर्मा को सौंपी गई है। अब वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।
