रेलवन ऐप से बुकिंग पर 3% छूट, मकर संक्रांति पर रेलवे का यात्रियों को तोहफा
डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा देने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब ‘रेलवन’ नामक नए यूनिफाइड मोबाइल प्लेटफॉर्म ऐप के माध्यम से अनारक्षित (जनरल) टिकट बुक करने वाले यात्रियों को किराए में सीधे 03 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह विशेष प्रोत्साहन योजना नए साल में मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर, यानी 14 जनवरी से लागू की जाएगी। रेलवे इस योजना को शुरुआती तौर पर छह महीने की अवधि के लिए, 14 जुलाई तक एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चलाएगा। इस दौरान, यात्रियों की प्रतिक्रिया और डिजिटल सिस्टम की कार्यक्षमता का गहन विश्लेषण किया जाएगा।
इस योजना के तहत, यदि कोई यात्री रेलवन ऐप का उपयोग करके यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग जैसे किसी भी डिजिटल माध्यम से टिकट बुक करता है, तो उसे टिकट के किराए में तत्काल 03 प्रतिशत का लाभ प्राप्त होगा। हालांकि, रेलवे ने यह स्पष्ट किया है कि यह छूट ‘आर-वॉलेट’ को छोड़कर अन्य सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों पर लागू होगी। आर-वॉलेट उपयोगकर्ताओं के लिए, पुरानी व्यवस्था जारी रहेगी, जिसमें उन्हें रिचार्ज पर पूर्व की भांति तीन प्रतिशत का बोनस या कैशबैक मिलता रहेगा। इस पहल से यात्रियों को डिजिटल भुगतान अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे रेलवे के परिचालन में भी सुधार की उम्मीद है।
