लखनऊ में दबंगों का आतंक: किशोर को पिस्टल के बल पर किया अगवा, पांच लाख की फिरौती मांगी | Lucknow Crime
लखनऊ में नए साल के जश्न के बीच एक खौफनाक वारदात सामने आई है। राजाजीपुरम इलाके में देर रात दबंगों ने एक किशोर को पिस्टल के बल पर अगवा कर लिया। उसे सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा गया और उसके कपड़े भी उतरवा दिए गए।
अपहरणकर्ताओं ने किशोर से पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। करीब पांच घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद उसे छोड़ा गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किशोर को पिस्टल के दम पर पीटते हुए देखा जा सकता है।
पीड़ित किशोर ने बताया कि उसे घर के बाहर से जबरन एक गाड़ी में बिठाया गया। गाड़ी के अंदर उसे पिस्टल दिखाकर धमकाया गया और पीटा गया। उसने माफी मांगने की कोशिश की, लेकिन दबंगों ने उसकी पिटाई जारी रखी। जान से मारने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की मांग की गई।
घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। किशोर की मां ने तालकटोरा थाने में इशू यादव और अनुज दीक्षित सहित कई लोगों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और फिरौती मांगने की तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले हुए विवाद का मामला सामने आया है।
