लखनऊ में 57 करोड़ का GST fraud, फर्जी फर्मों से सरकार को लगाया चूना
लखनऊ में राज्य कर विभाग ने चार व्यापारियों के खिलाफ 57.65 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का मामला दर्ज कराया है। इन व्यापारियों पर आरोप है कि उन्होंने फर्जी पते पर बोगस फर्में बनाकर सरकार को राजस्व का चूना लगाया। धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद विभाग के अधिकारियों ने गुडंबा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त गौरव कुमार राजपूत ने बताया कि बिजनौर के धामपुर निवासी जितेंद्र पाल ने अपनी फर्म का पंजीकरण गुडंबा के कल्याणपुर में दिखाया था। जीएसटी पोर्टल पर जांच के दौरान दस्तावेजों में गड़बड़ी मिली। जांच में सामने आया कि व्यापारी ने विभिन्न फर्मों के माध्यम से 36.94 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी की है। निरीक्षण में फर्म का संचालन भी दर्ज पते पर नहीं मिला।
इसी तरह मुंबई निवासी सतीश ने भी अपनी फर्म का पता कल्याणपुर का दिखाया था, लेकिन निरीक्षण में यह भी गलत पाया गया। इससे 14.50 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी गई। सहायक उपायुक्त आलोक दुबे ने व्यापारी हरपाल सिंह पर 64 लाख रुपये और उपायुक्त ब्रिजेंद्र सिंह यदव ने व्यापारी योगेंद्र पर 5.57 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का आरोप लगाया। इन सभी ने गलत पते पर फर्म का संचालन दिखाया था। इंस्पेक्टर प्रभातेश श्रीवास्तव ने बताया कि दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
