लखनऊ में लाई-चना विक्रेता की निर्मम हत्या, ईंट से सिर कूचकर मारा; CCTV में कैद हुए आरोपी | Lucknow Crime News
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक फेरी वाले की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। विकासनगर मोड़ पर लाई-चना बेचने वाले 50 वर्षीय लालाराम वर्मा की सोते समय ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। यह घटना मंगलवार सुबह तब सामने आई, जब स्थानीय लोगों ने लालाराम को खून से लथपथ हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सीतापुर के लहरपुर निवासी लालाराम वर्मा के रूप में हुई है। वह रोजी-रोटी के लिए लखनऊ आया था और रात में ठेले के पास ही सो जाता था।
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि लालाराम सोमवार रात को भी रोज की तरह अपने ठेले के पास सोया था। तभी दो अज्ञात युवकों ने सोते समय उस पर ईंट से हमला कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक रात करीब 3:20 बजे लालाराम पर हमला करते दिख रहे हैं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं। उनकी पहचान के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिवार ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लालाराम के परिवार में पत्नी और एक चार साल की बेटी है। इस brutal murder की घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।
