Lucknow: आधार कार्ड में पिता का नाम बदलकर लाखों की जालसाजी, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रिश्तेदार पर अपने मृत चाचा की संपत्ति हड़पने के लिए आधार कार्ड में जालसाजी करने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता निर्मल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके चाचा हरदीप सिंह की 23 नवंबर 2022 को मृत्यु हो गई थी। हरदीप सिंह अविवाहित थे और उनके नाम पर लखनऊ और पंजाब में कई संपत्तियां थीं, साथ ही बैंक खाते में भी लाखों रुपये जमा थे।
निर्मल सिंह के अनुसार, उनके चाचा कैंसर से पीड़ित थे और इलाज के लिए रिश्तेदार परगट सिंह उन्हें अपने साथ ले गए थे। इसी दौरान परगट सिंह ने कथित तौर पर हरदीप सिंह के आधार कार्ड में जालसाजी की। आरोप है कि परगट सिंह ने आधार कार्ड में अपने पिता का नाम हरदीप सिंह के पिता के नाम की जगह डलवा दिया।
इस जालसाजी का उद्देश्य हरदीप सिंह के बैंक खाते से लाखों रुपये निकालना और उनकी जमीन को बेचना था। शिकायतकर्ता ने डीसीपी से इस मामले की शिकायत की, जिसके बाद मोहनलालगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए परगट सिंह, कुलविंदर सिंह, रजिंदर कौर और जसदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।
