डीडू माहेश्वरी युवक मंडल चुनाव: 1131 वोट पड़े, कड़ाके की सर्दी भी बेअसर
डीडू माहेश्वरी युवक मंडल रजिस्टर्ड के त्रिवार्षिक चुनाव के लिए सोमवार को शहर के गंगा देवी माहेश्वरी भवन में मतदान संपन्न हुआ। कड़ाके की सर्दी के बावजूद माहेश्वरी समाज के लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक चली मतदान प्रक्रिया में कुल 2025 मतदाताओं में से 1131 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी विनय राज पन्नू और सह चुनाव अधिकारी प्रदीप कुमार कावरा की देखरेख में मतदान हुआ। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कृष्ण मुरारी दरगढ़ और सुनील माहेश्वरी, उपाध्यक्ष के लिए गोपाल झबर और प्रदीप अजमेरा, मंत्री के लिए नितिन माहेश्वरी और राजीव कावरा सहित कई पदों के लिए प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। इन सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटियों में सील हो गया है।
मुख्य चुनाव अधिकारी विनय राज पन्नू ने बताया कि मंगलवार को सुबह आठ बजे से मतों की गणना शुरू होगी, जो शाम पांच बजे तक चलेगी। इस चुनाव में समाज के लोगों की सक्रिय भागीदारी ने यह दर्शाया कि वे अपने संगठन के भविष्य को लेकर कितने गंभीर हैं, जो समाज के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
