आगरा में हर्ष फायरिंग (Harsh Firing) पर पुलिस का एक्शन, 2 गिरफ्तार, दो राइफलें जब्त
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से दो लाइसेंसी राइफलें भी जब्त की हैं। यह कार्रवाई तब हुई जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
यह घटना 4 दिसंबर को फतेहाबाद के बिझामई गांव में हुई थी। गांव के धर्मेंद्र के बेटे रवि की शादी थी और घुड़चढ़ी की रस्म चल रही थी। इस दौरान दूल्हे के दोस्तों ने लाइसेंसी हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग की। घटना के 23 दिन बाद 27 दिसंबर को हर्ष फायरिंग के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इन वीडियो में युवक फायरिंग करते और हथियार लहराते हुए साफ नजर आ रहे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद एसीपी फतेहाबाद अनिल कुमार ने इसका संज्ञान लिया और बमरौली कटारा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने बिझामई गांव के गौरव सिंह, रामखिलाड़ी, गंगाराम, शशांक उर्फ कान्हा, लक्ष्मी नारायण, संजय जसावत और डौकी के कुंडौल निवासी अभिषेक धाकरे सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिषेक धाकरे और संजय जसावत को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि गौरव और रामखिलाड़ी की लाइसेंसी राइफलों का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने दोनों राइफलों को जब्त कर लिया है और इनके लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है। एसीपी। एसीपी अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि शादी या किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग एक अपराध है और ऐसे मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
