Pariksha Pe Charcha 2026: 2.75 करोड़ से अधिक रजिस्ट्रेशन, क्या टूटेगा पिछले साल का रिकॉर्ड?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वार्षिक संवाद कार्यक्रम ‘Pariksha Pe Charcha’ के 9वें संस्करण के लिए पंजीकरण में भारी उछाल आया है। छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच इस कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह है, जिसके चलते अब तक 2.75 करोड़ से अधिक रजिस्ट्रेशन दर्ज किए जा चुके हैं।
पिछले वर्ष के रिकॉर्ड को तोड़ने की उम्मीद
पिछले वर्ष ‘परीक्षा पे चर्चा’ के लिए 3.53 करोड़ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसके लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा मान्यता भी दी गई थी। इस बार यह रिकॉर्ड टूटने की पूरी उम्मीद है, क्योंकि आयोजकों को 4 करोड़ से अधिक रजिस्ट्रेशन मिलने का अनुमान है। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 11 जनवरी 2026 निर्धारित है।
छात्रों के साथ शिक्षक और अभिभावक भी उत्साहित
आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 2,75,18,629 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 2,56,85,686 छात्र, 15,26,274 शिक्षक और 3,06,669 अभिभावक शामिल हैं। रजिस्ट्रेशन की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, जो दर्शाता है कि देश भर के छात्र पीएम मोदी से संवाद करने के लिए उत्सुक हैं।
ऐसे करें पंजीकरण
जो छात्र, शिक्षक या अभिभावक अभी तक पंजीकरण नहीं कर पाए हैं, वे 11 जनवरी तक mygov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए मोबाइल नंबर, रजिस्टर्ड ईमेल आईडी या डिजिलॉकर का उपयोग किया जा सकता है। यह कार्यक्रम छात्रों को परीक्षा के तनाव को कम करने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।
