IND vs PAK U19 Final: भारत-पाकिस्तान के बीच दुबई में खिताबी जंग, जानिए मैच का पूरा शेड्यूल
अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में खेला जा रहा है। भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे की नजरें इस टूर्नामेंट में भारत को 9वां खिताब दिलाने पर होंगी। यह मुकाबला एसीसी अकादमी ग्राउंड पर भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 10 बजे होगा।
टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत ने सेमीफाइनल मैच में श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। यह टूर्नामेंट में दूसरी बार होगा जब ये दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। इससे पहले लीग स्टेज पर हुई भिड़ंत में भारत ने पाकिस्तान को 90 रनों से हराया था।
अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में भारत सबसे सफल टीम रही है। भारत ने अब तक 7 बार यह खिताब जीता है और एक बार पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता रहा है। यह भारतीय टीम का 10वां फाइनल है, जबकि पाकिस्तान का यह तीसरा फाइनल मुकाबला है। भारत इस बार 9वें खिताब पर कब्जा करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
भारतीय टीम की तरफ से दीपेश देवेंद्रन ने टूर्नामेंट में अब तक 11 विकेट लिए हैं, जबकि कनिष्क ने 6 और किशन सिंह ने 5 विकेट हासिल किए हैं।
भारतीय टीम (संभावित): आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, एरॉन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन कुमार सिंह, हेनिल पटेल।
पाकिस्तानी टीम (संभावित): उस्मान खान, समीर मिन्हास, शाहजेब खान, साद बेग (विकेटकीपर), फरहान यूसुफ (कप्तान), फहम उल हक, मोहम्मद रियाज़ुल्लाह, मोहम्मद तैयब आरिफ, हारून अरशद, अली रजा, अब्दुल सुभान।
