फतेहपुर में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का दौरा, 104 लाभार्थियों को सौंपेंगी सरकारी योजनाओं का लाभ; UP News
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 22 दिसंबर को फतेहपुर जिले के दौरे पर रहेंगी। राज्यपाल का यह दौरा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरण पर केंद्रित है। वह मदारीपुर में हेलीकॉप्टर से उतरकर सरस्वती विद्यामंदिर पहुंचेंगी, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल 11 अलग-अलग सरकारी योजनाओं के 104 लाभार्थियों को अपने हाथों से हितलाभ वितरित करेंगी।
राज्यपाल करीब 85 मिनट तक मंच पर रहेंगी। इस दौरान 1282 अन्य लाभार्थियों को भी अधिकारियों द्वारा मंच के नीचे से हितलाभ सामग्री प्रदान की जाएगी। जिन योजनाओं के तहत लाभ दिया जाएगा उनमें पीएम व सीएम आवास, पीएम सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, स्वामित्व योजना, पोषण पोटली वितरण और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्री-स्कूल किट वितरण शामिल हैं।
राज्यपाल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। डीएम रविंद्र सिंह और एसपी अनूप सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तीन एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस तैनात की गई हैं। एक एंबुलेंस हेलीपैड पर, दूसरी रास्ते में और तीसरी कार्यक्रम स्थल पर रहेगी। इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति के लिए रक्तदाताओं की व्यवस्था भी की गई है।
