Bhopal Metro: 26वां शहर बना भोपाल, देश में ऐसा रहा मेट्रो का सफर
भोपाल को अब देश के उन चुनिंदा शहरों में शामिल कर लिया गया है जहां मेट्रो रेल सेवा उपलब्ध है। मध्य प्रदेश की राजधानी में मेट्रो सेवा का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया। इस उद्घाटन के साथ ही भोपाल देश का 26वां शहर बन गया है जहां मेट्रो सेवा शुरू हुई है। यह परियोजना शहर को तेज, सुगम और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा प्रदान करेगी।
पहले चरण में ऑरेंज लाइन के ‘प्रायोरिटी कॉरीडोर’ का शुभारंभ किया गया है, जिसकी लंबाई लगभग 7 किलोमीटर है। इस खंड में एम्स, रानी कमलापति स्टेशन और बोर्ड ऑफिस चौराहा सहित 8 एलिवेटेड स्टेशन शामिल हैं। यह नई Bhopal Metro सेवा शहर के यातायात दबाव को कम करने और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भारत में मेट्रो का सफर 1984 में कोलकाता से शुरू हुआ था। कोलकाता मेट्रो देश की पहली और सबसे पुरानी मेट्रो प्रणाली है, जिसने शहरी परिवहन के एक नए युग की शुरुआत की। कोलकाता मेट्रो ने हुगली नदी के नीचे भारत की पहली जलमग्न मेट्रो लाइन भी बनाई है, जो हावड़ा हावड़ा और कोलकाता को जोड़ती है।
इसके बाद दिल्ली मेट्रो ने आधुनिक सुविधाओं के साथ मेट्रो को एक नया आयाम दिया। दिल्ली मेट्रो में पहली बार एसी कोच, स्मार्ट कार्ड और टोकन प्रणाली जैसी सुविधाएं शुरू हुईं। बेंगलुरु मेट्रो ने आईटी सिटी में सफर को आसान बनाया और ऑटोमेटिक कंट्रोल जैसी नई तकनीकों को अपनाया। हाल ही में पूरी तरह से भारत में बनी पहली ड्राइवरलेस ट्रेन भी लॉन्च की गई। मुंबई मेट्रो पीपीपी मॉडल पर बनी भारत की पहली मेट्रो थी, जिसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी हुई।
