आगरा: Northern Bypass चालू होने के बाद भी सिकंदरा चौराहा पर ट्रैफिक जाम क्यों?
आगरा में 400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उत्तरी बाइपास (Northern Bypass) के चालू होने के बावजूद, सिकंदरा चौराहा सहित नेशनल हाईवे-19 पर भारी वाहनों का दबाव कम नहीं हो रहा है। यह मुद्दा हाल ही में जिला पर्यावरण समिति की बैठक में उठाया गया। बैठक में सड़क सुरक्षा कार्यकर्ताओं ने बताया कि अलीगढ़ और हाथरस की ओर जाने वाले भारी वाहन अभी भी बाइपास का उपयोग नहीं कर रहे हैं, जिससे शहर के भीतर जाम की स्थिति बनी हुई है।
वरिष्ठ अधिवक्ता केसी जैन ने बैठक में कहा कि बाइपास का सही उपयोग न होने से ईंधन और समय की बर्बादी हो रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा निर्मित 14 किलोमीटर लंबा यह बाइपास रैपुरा जाट से शुरू होता है और इसका मुख्य उद्देश्य नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक जाम को कम करना था।
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस को उत्तरी बाइपास के आसपास उचित साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इन साइन बोर्ड्स के माध्यम से भारी वाहनों को बाइपास की ओर मोड़ने में मदद मिलेगी। बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे के टोल टैक्स में कमी का मुद्दा भी उठा, लेकिन डीएम ने डीएम ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में शुल्क में कमी का कोई प्रस्ताव नहीं है।
