Dhurandhar: Akshaye Khanna को मिली लाइमलाइट पर बोले R Madhavan, कहा- मुझे लगा था मेरा किरदार…
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। इस स्पाई थ्रिलर फिल्म में रणवीर सिंह, आर माधवन, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल जैसे बड़े सितारे हैं, लेकिन दर्शकों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा अक्षय खन्ना के किरदार ‘रहमान डकैत’ की हो रही है। अक्षय खन्ना की परफॉर्मेंस ने फिल्म के अन्य किरदारों को ओवरशैडो कर दिया है, जिससे सोशल मीडिया पर यह चर्चा शुरू हो गई थी कि क्या आर माधवन अपने किरदार को कम लाइमलाइट मिलने से नाखुश हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू में आर माधवन ने इन अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अक्षय खन्ना के लिए बेहद खुश हैं और उन्हें मिली सराहना के वह पूरी तरह हकदार हैं। माधवन ने अक्षय की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक प्रतिभाशाली और जमीन से जुड़े हुए कलाकार हैं।
माधवन ने बताया कि अक्षय खन्ना को सफलता या असफलता से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, “वह चाहता तो लाखों इंटरव्यू आराम से दे सकता था, लेकिन वह अपने नए घर में बैठा है और इस शांति को एन्जॉय कर रहा है।” माधवन ने आगे कहा कि उन्हें लगा था कि पब्लिक अटेंशन के मामले में वह ‘धुरंधर’ में अंडरडॉग होंगे, लेकिन अक्षय खन्ना तो एक अलग ही स्तर पर हैं, जिन्हें इन चीजों से कोई फर्क नहीं पड़ता।
