UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा की तारीखें घोषित, जानें कब होगा एग्जाम
माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह परीक्षाएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम चरण की परीक्षा 24 जनवरी से 1 फरवरी तक संपन्न होगी। वहीं, द्वितीय चरण की परीक्षा 2 से 9 फरवरी के बीच आयोजित की जाएगी।
यह महत्वपूर्ण है कि 29 और 30 जनवरी, 2026 को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) की लिखित परीक्षा होने के कारण इन तिथियों में कोई अन्य परीक्षा नहीं होगी और विद्यालयों में शैक्षिक अवकाश रहेगा। द्वितीय चरण में गोरखपुर मंडल के जनपदों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गोरखपुर जनपद से लगभग 65 हजार विद्यार्थी भाग लेंगे।
बोर्ड के अनुसार, प्रथम चरण में बस्ती मंडल और द्वितीय चरण में गोरखपुर मंडल के जनपदों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं पिछले वर्ष की तरह विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन (प्रोजेक्ट कार्य) के आधार पर ही होंगी। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा।
हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा, नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। इसके लिए वेबसाइट 10 जनवरी से सक्रिय हो जाएगी। सभी प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसी कैमरों की निगरानी में होंगी और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी।
